टैंटीगांव डकैती कांड : पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश हुए ढेर
- Posted By: Admin
- उत्तर प्रदेश
- Updated: 7 May, 2026 17:05
- 297

crime news, apradh samachar
PPN NEWS
मथुरा
मथुरा, गुरुवार। सुरीर क्षेत्र के टैंटीगांव में हुई डकैती की वारदात में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने गुरुवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। घायल अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 17 टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी थीं।
जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल की रात नकाबपोश बदमाशों ने टैंटीगांव निवासी व्यवसायी अजय अग्रवाल के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाशों ने करीब दो घंटे तक घर को खंगाला और 3.22 लाख रुपये नकद सहित लगभग 12 लाख रुपये के आभूषण लूट ले गए थे। जाते समय बदमाश घर और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 17 टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों का पीछा करते हुए अलीगढ़ जिले के खैर कस्बे तक पहुंची। पुलिस को जानकारी मिली कि इन बदमाशों ने 25 अप्रैल की रात खैर में भी एक व्यापारी के घर डकैती का प्रयास किया था, हालांकि वहां वे सफल नहीं हो सके।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ आरोपियों की पहचान कर ली थी। गुरुवार सुबह करीब सात बजे टैंटीगांव क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से पप्पू उर्फ राजेंद्र और धर्मवीर घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीओ मांट संदीप सिंह ने बताया कि मामले में अन्य बदमाशों की तलाश जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments