मोहनलालगंज बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर एल्डर्स कमेटी सक्रिय
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 27 November, 2026 11:18
- 32

PPN NEWS
रिपोर्ट -प्रशान्त सिंह
मोहनलालगंज बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर एल्डर्स कमेटी सक्रिय, अध्यक्ष-मंत्री से मांगे अभिलेख, 28 नवंबर को अधिवक्ताओं का होगा सम्मान
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर एल्डर्स कमेटी ने सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार 25 नवंबर को कमेटी के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित आवश्यक बैठक में चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ ही महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से दो प्रस्ताव पारित किए गए।
पहले प्रस्ताव के तहत बार एसोसिएशन मोहनलालगंज के चुनाव के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में विचाराधीन रिट याचिका के निस्तारण में प्रभावी पैरवी करने वाले अधिवक्ता अभिषेक कुमार सिंह एवं विनय कुमार मिश्रा के प्रयासों की सराहना की गई। एल्डर्स कमेटी ने दोनों अधिवक्ताओं के सम्मान में 28 नवंबर 2026, शनिवार को दोपहर 2 बजे सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया।
वहीं, दूसरे प्रस्ताव में बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव शीघ्र संपन्न कराने के लिए अध्यक्ष एवं महामंत्री को चुनाव से संबंधित समस्त अभिलेख एल्डर्स कमेटी को तत्काल उपलब्ध कराने के लिए सूचित करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में कमेटी के चेयरमैन हरिशंकर शुक्ला ने 25 नवंबर 2026 को अध्यक्ष एवं मंत्री को पत्र जारी किया है।
पत्र में अवगत कराया गया है कि माननीय उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ द्वारा रिट पिटीशन संख्या 7339/2023 में 19 नवंबर 2026 को पारित आदेश के क्रम में बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव संबंधी सभी अभिलेख अतिशीघ्र एल्डर्स कमेटी को उपलब्ध कराए जाएं, जिससे चुनाव प्रक्रिया को शीघ्र अमल में लाया जा सके और न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
एल्डर्स कमेटी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक अभिलेखों का उपलब्ध होना जरूरी है। बैठक में कमेटी के सदस्य अधिवक्ता रघुराज सिंह, धर्मनिधर मिश्रा, भोलाराम वर्मा एवं राकेश दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Comments