स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद
- Posted By: Admin
- उत्तर प्रदेश
- Updated: 26 April, 2020 15:13
- 5226

Prakash Prabhaw News
स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद
रिपोर्ट , कमलेन्द्र सिंह
फतेहपुर/ किशनपुर थाना क्षेत्र के संगोलीपुर मडैयन घाट पर शनिवार शाम हुए हादसे के बाद से एनडीआरएफ की टीम बराबर शवों को खोजने में डटी हुई थी | लेकिन अथक प्रयासों के बाद भी प्रशासन को देर रात तक सफलता नही मिली | पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के आदेश पर रात्रि में आपरेशन को रोक दिया गया | भोर पहर पुनः एनडीआरएफ की टीम व फतेहपुर की एक टीम मोटर बोट के साथ यमुना नदी में लापता पुलिस कर्मियों व नाविक की खोज में जुट गए | एनडीआरएफ की टीम ने पुलिस कर्मियों के जूते बरामद किए | पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मिशन चल रहा था | उसी दौरान स्थानीय गोताखोरों ने लापता शवों को खोजने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी | स्थानीय पुलिस ने पुलिस अधीक्षक से स्थानीय गोताखोरों की बात रखी | जिस पर पुलिस अधीक्षक ने सहमति जताते हुए उन्हें एक घंटे का समय दिया | आदेश मिलते ही गोताखोरों ने अपना मिशन शुरू कर दिया | मिशन के 20 मिनट पश्चात स्थानीय गोताखोरों ने करीब 8 बजकर 40 मिनट पर नाव को खोज निकाला | उसके पश्चात लगभग 50 मीटर की दूरी पर 9 बजकर पांच मिनट पर नाविक का शव भी खोज निकाला | लगातार बोटिंग करते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने 9 बजकर 20 मिनट पर आरक्षी शशि कुमार का शव भी ढूंढ लिया | उसी के बाद 9 बजकर 40 मिनट पर दरोगा रामजीत का भी शव भी बरामद कर लिया । शवों को देखते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिन्हें घटना स्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों व क्षेत्रीय लोगों ने ढाँढस बंधाया।
मामले के बावत पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने कहा की दिवंगत दोनों पुलिस कर्मियों व नाविक के शवों को पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय भेजा गया है। जिनका पोस्टमार्टम के बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके ग्रह जनपदों में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस ह्रदयविदारक घटना की खबर पाते ही क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान भी मण्डल अध्यक्ष खखरेडू हिमांशु तिवारी, मण्डल उपाध्यक्ष विजयीपुर रवि तिवारी, मण्डल उपाध्यक्ष अरविंद मिश्रा मण्डल उपाध्यक्ष किशनपुर, उत्तम सिंह मण्डल उपाध्यक्ष किशनपुर युवा मोर्चा व मण्डल अध्यक्ष विजयीपुर रोहित तोमर के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए हर सम्भव सरकारी सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
वहीं लगभग 16 घण्टे के अथक परिश्रम के बाद भी रेसक्यू टीम के शवों को खोजने में असफल होने व महज एक घण्टे में स्थानीय गोताखोरों द्वारा नाव समेत तीनो शवों को खोजने में कामयाबी हाँसिल करने पर पुलिस अधिकारियों कर्मियों समेत क्षेत्रीय लोगों ने स्थानीय गोताखोरों की खूब सराहना की।
Comments