मेडविन अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 22 September, 2026 22:48
- 34

मेडविन अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा
दुबग्गा में बेटी को जन्म देने के घंटों बाद महिला ने तोड़ा दम
परिजनों ने अस्पताल के बाहर किया हंगामा, सड़क जाम करने की कोशिश
दुबग्गा लखनऊ। दुबग्गा के हरदोई रोड स्थित अंधे की चौकी के पास मेडविन अस्पताल में सोमवार को ऑपरेशन से बेटी को जन्म देने वाली रुचि (21) की मंगलवार दोपहर तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक रुचि को सामान्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। अल्ट्रासाउंड में डिलीवरी की संभावित तारीख चार अक्तूबर बताई गई थी, लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे की स्थिति उल्टी होने की बात कहकर तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी। सोमवार शाम करीब तीन बजे ऑपरेशन से बेटी ने जन्म लिया। इसके बाद रुचि की सेहत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई।
पति दीपू का कहना है कि अस्पताल लाने से पहले पत्नी के प्लेटलेट्स करीब 75 हजार थे। परिवार की रिश्तेदार देवकी ने इलाज में लापरवाही की आशंका जताई। मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
एसीपी शकील अहमद ने बताया कि परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Comments