तीन दिन, तीन मासूम और एक ही आंगन से उठीं अर्थियां, खरसरा गांव में सन्नाटा, आखिर क्या छिपा है इन मौतों के पीछे?
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 14 November, 2026 10:30
- 75

तीन दिन, तीन मासूम और एक ही आंगन से उठीं अर्थियां, खरसरा गांव में सन्नाटा, आखिर क्या छिपा है इन मौतों के पीछे?
जिस आंगन में कल तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां आज सिर्फ रोने की आवाज़ें हैं।
मौत की वजह पर पर्दा, ग्रामीण पूछ रहे, इतने बड़े हादसे पर भी साहब लोग कहां हैं?
मलिहाबाद लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के खरसरा गांव में तीन दिन के भीतर एक ही पिता के तीन मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घर में मातम पसरा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव की गलियों में सन्नाटा छाया हुआ है। इस घटना की चर्चा गांव से लेकर राजधानी तक हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बीती 9 नवंबर को करीब तीन साल के दिवांश यादव की मौत हुई। अगले ही दिन 10 नवंबर को करीब छह साल के कार्तिक यादव ने दम तोड़ दिया। इसके बाद 11 नवंबर को करीब आठ साल की लक्ष्मी यादव की दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक के बाद एक तीन बच्चों को खो देने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद गांव के लोगों में गुस्सा भी है और चिंता भी। ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पता लगाया जाए कि आखिर इन मासूमों की जान किस वजह से गई। लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक ही परिवार के तीन बच्चे इतनी जल्दी कैसे चले गए और क्या समय रहते सही इलाज मिल पाता तो इन्हें बचाया जा सकता था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद मलिहाबाद तहसील के एसडीएम मौके पर नहीं पहुंचे। माल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लखनऊ से मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी अब तक गांव नहीं पहुंचे हैं। लोग जानना चाहते हैं कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अब तक क्या कदम उठाए हैं।
फिलहाल गांव वालों की मांग है कि उच्चस्तरीय जांच हो, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी परखी जाए, ताकि मौत की असली वजह सामने आए और पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।
Comments