43 साल पुरानी परंपरा के साथ छठ महापर्व की शुरुआत, लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर तैयारियां पूरी

43 साल पुरानी परंपरा के साथ छठ महापर्व की शुरुआत, लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर तैयारियां पूरी

PPN NEWS

लखनऊ


43 साल पुरानी परंपरा के साथ छठ महापर्व की शुरुआत, लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर तैयारियां पूरी, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद


राजधानी लखनऊ में लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पूर्वांचल और बिहार की संस्कृति से जुड़ा यह महापर्व अब लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। छठ पूजा को लेकर लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी के घाट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नदी और आसपास के रास्तों को व्यवस्थित करने के इंतजाम किए गए हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे। भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी और साथ ही गोमती रिवर फ्रंट के निर्माण पर भी सवाल उठाए।


छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो रही है। पहले दिन व्रती स्नान कर घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना होगा, जिसमें व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।


15 नवंबर रविवार को छठ महापर्व का मुख्य दिन होगा। इस दिन शाम को व्रती गोमती नदी और निर्धारित घाटों पर पहुंचकर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। वहीं 16 नवंबर सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।


लक्ष्मण मेला मैदान स्थित घाट पर छठ पूजा की परंपरा वर्ष 1983 से चली आ रही है। इस तरह इस वर्ष इस परंपरा को 43 साल पूरे हो रहे हैं। हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।


भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि लखनऊ में पूर्वांचल समाज की आबादी 15 लाख से अधिक है और बड़ी संख्या में लोग छठ महापर्व मनाते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की ओर से घाटों की सफाई, सड़कों की सफाई, बिजली और लाइटिंग समेत कई व्यवस्थाएं की गई हैं। पिछली सरकारों के मुकाबले इस बार बेहतर इंतजाम किए गए हैं।


हालांकि उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट के निर्माण पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली सरकार में इसका निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया। घाट को सीढ़ीनुमा बनाया जाना चाहिए था, जिससे श्रद्धालु आसानी से नदी तक पहुंचकर पूजा कर सकें। लेकिन मौजूदा डिजाइन के चलते नदी तक पहुंचने के लिए पर्याप्त घाट उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट पर जगह की कमी है, इसलिए इसका और विस्तार किया जाना चाहिए। इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी मांग की गई है।


Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *