अवध कॉलेजिएट में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया दशहरा उत्सव
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 17 October, 2026 17:03
- 53

अमित श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ
आज 17 अक्टूबर 2026 अवध कॉलेजिएट के सभी शाखाओं में दशहरा उत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विद्यालय के सुरजीत सिंह पार्क* में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बुराई पर अच्छाई की विजय, सत्य, धर्म और साहस का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रबंधक सर्वजीत सिंह एवं प्रबंध निदेशिका जतिंदर वालिया के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं निर्देशों के अंतर्गत किया गया। इस अवसर पर निर्देशिका डॉ. ब्रह्मजोत कौर तथा विभिन्न शाखाओं की प्रधानाचार्याएँ इंदु चंदेल, नीरजा सिंह, देबजानी मुखर्जी एवं अनिता झा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय निवास सैनी C.A. (चार्टर्ड अकाउंटेंट) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा
जब बच्चों को उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा व्यक्त करने के लिए एक सशक्त मंच मिलता है, तो वे केवल प्रस्तुति ही नहीं देते, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा भी बन जाते हैं व प्रबंधक सर्वजीत सिंह एवं प्रबंध निदेशिका जतिंदर वालिया के प्रेरणादायी नेतृत्व में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रधानाचार्याओं एवं शिक्षिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ उनके समर्पण, मेहनत और कुशल मार्गदर्शन का परिणाम हैं।
समारोह में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गुब्बारों पर आधारित मनोरंजक गतिविधि में भाग लेकर उत्सव में चार चाँद लगा दिए। कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने ‘रामायण के दिव्य पात्र’ विषय पर प्रस्तुति देकर रामायण के आदर्शों एवं प्रमुख पात्रों को जीवंत किया।
कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने ‘डांडिया धमाका – आनंद का उत्सव’ के माध्यम से पारंपरिक नृत्य की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों ने ‘नवदुर्गा – माँ दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूप’ विषय पर प्रस्तुति देकर शक्ति, साहस एवं नारी शक्ति का संदेश दिया। वहीं, कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों ने ‘बुराई पर अच्छाई की विजय’ विषय के माध्यम से दशहरे के महत्व तथा भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का सजीव चित्रण किया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, सामूहिक कार्य की भावना विकसित करने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान किया। सभी प्रस्तुतियों में बच्चों का उत्साह, रचनात्मकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम का समापन इस प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ कि सत्य, अच्छाई और धर्म की सदैव विजय होती है। दशहरा उत्सव विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के लिए आनंद, श्रद्धा, उत्साह और एकता से परिपूर्ण एक यादगार अवसर बना।
Comments