ऑनर किलिंग: पिता ने अपनी पुत्री का गला दबाकर की हत्या, शव जलाकर अवशेष यमुना नदी में बहाए
- Posted By: Admin
- उत्तर प्रदेश
- Updated: 19 June, 2025 11:12
- 30

crime news, apradh samachar,
PPN NEWS
Report - Safi Ahmad
ऑनर किलिंग: युवती की पिता ने की गला दबाकर हत्या, शव जलाकर अवशेष यमुना नदी में बहाए, पिता हिरासत में
एक बार फिर से ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ये घटना बागपत जिले की है । कोतवाली बड़ौत क्षेत्र के लुहारी गांव में एक युवती को उसी के पिता ने गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में शव जलाकर अवशेष यमुना में बहा दिए। युवती का पति शिकायत करने थाने पहुँचा तो पुलिस में हड़कंप मच गया। शिकायत पर पुलिस गांव पहुँची, युवती के पिता को हिरासत में लिया। अभी पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
बताया गया है कि मृतिका युवती शिवानी पुत्री संजू कश्यप उम्र 22 वर्ष लुहारी गांव की रहने वाली थी। उसका गांव के ही रहने वाले युवक अंकित पुत्र श्योराज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन इसका विरोध कर रहे थे। इस बीच दोनों ने डेढ़ साल पहले कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। कोर्ट मैरिज कर लड़की अपने ही घर में रह रही थी। बताया गया है कि लड़का युवती से मिलने घर आता था जिसका लड़की के परिजन विरोध करते आ रहे थे।
परिजन लड़की को लड़के के साथ भेजने पर राजी नहीं थे। मंगलवार की रात्रि युवती शिवानी को लड़के के साथ बात करते देखा तो घर में झगड़ा शुरू हो गया। इसपर उसके पिता ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। रातभर शव घर में ही पड़ा रहा। बुधवार की तड़के युवती के शव को यमुना किनारे ले जाकर आनन फानन में जला दिया, लोगों को जानकारी होता देख शव के अवशेष यमुना में बहा दिए गए।
वही जब इसकी जानकारी शिवानी के पति अंकित को लगी तो वह कोतवाली आ पहुँचा। अंकित से शिवानी की हत्या की सूचना पाकर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस लुहारी गांव पहुँची और यहां से युवती के आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस यमुना किनारे भी पहुँची जहां युवती के शव को जलाने की कोशिश की गई थी। पुलिस अभी मामले में छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल है, लेकिन कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
नही रुक रही हॉनर किलिंग की घटनाएं
बागपत के जोनमाना गांव में 9 मार्च 2025 को तीन महीने पहले ही प्रेमी युगल को लड़की के परिजनों ने रस्सी से गला घोंटकर दोनों को मौत के घाट उतार दिया गया था। यहां मृतक बलराम पुत्र राजेश्वर उम्र 19 साल तथा दृष्टि पुत्री पुष्पेंद्र उम्र 18 साल निवासीगण जोनमाना का प्रेम प्रसंग चल रहा था।
प्रेमिका के परिजनों ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद दोनों की हत्या कर डाली थी। 6 मार्च 2025 को बिजरौल गांव में 14 वर्षीया नाजिया को उसकी माँ वारिसा ने गला दबाकर मौत के घाट उतारा था। इस घटना के बाद हत्यारिन माँ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। अभी पुलिस सम्भल भी नहीं पाई थी कि जोनमाना में हॉरर किलिंग की घटना हो गई। इससे पहले जुलाई 2024 में हॉरर किलिंग की एक घटना बागपत में हुई थी।
यहां दिल्ली के एक छात्र को अगवा कर लिया गया और बागपत में ईंट और डंडों से पीट-पीटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने एक लड़की से वीडियो चैटिंग और कॉल करवाया था और हिमांशु को घर से बाहर बुलाया था और इसके बाद उसका अपहरण कर लिया था। हत्या के बाद लड़की की मां ने ही वीडियो कॉल कर हिमांशु के परिजनों को घटना की जानकारी दी थी।
इसके बाद हिमांशु के परिजन लड़की की मां को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और हिमांशु के शव को बरामद किया था। वहीं नवम्बर 2022 में रमाला थाने के असारा गांव में झूठी आन के लिए एक भाई ने अपनी शादीशुदा बहन मेहजबी और उसके शादीशुदा प्रेमी आरिफ की हत्या कर दोनों शवों को असारा और लूंब गांव के जंगलों में फेंक दिया था।
Comments