खाना से नाराज दुल्हा ने लौटाई बारात, पुलिस ने मनाकर थाना परिसर में कराई शादी
- Posted By: ANIL KUMAR
- उत्तर प्रदेश
- Updated: 3 March, 2025 21:04
- 208

PPN NEWS
कौशाम्बी
खाना से नाराज दुल्हा ने लौटाई बारात, पुलिस ने मनाकर थाना परिसर में कराई शादी
कौशाम्बी थाना प्रभारी निरीक्षक उर्मिला सिंह के अथक परिश्रम से घराती व बराती मे दौड़ पड़ी खुशी की लहर ।
कौशाम्बी । कौशाम्बी थाना क्षेत्र के बड़ा गढ़वा गांव मजरा कोसम इनाम में एक शादी समारोह में उस वक्त हंगामा मच गया जब बारातियों और घरातियों के बीच खाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दूल्हे ने नाराज होकर शादी से इनकार कर दिया और पूरी बारात के साथ अपने घर लौट गया। इस घटना से दुल्हन पक्ष में हड़कंप मच गया, और उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।बारात चित्रकूट जनपद के शेषा मऊ गांव से धर्मेंद्र के बेटे कमलेश की आई थी। बारात धूमधाम से डीजे की धुनों पर नाचते-गाते दुल्हन अंतिमा के दरवाजे तक पहुंची। द्वार पूजा की रस्म के बाद जब बारातियों के स्वागत और भोजन की बारी आई, तब विवाद शुरू हो गया। दुल्हन पक्ष का कहना था कि तय संख्या से अधिक बाराती आ गए, खासकर महिलाओं की संख्या ज्यादा थी, जिससे खाने-पीने की व्यवस्था गड़बड़ा गई। वहीं, दूल्हा पक्ष का आरोप था कि बारातियों के स्वागत में कमी रही और खाने की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
खाने को लेकर हुए इस विवाद से दूल्हा कमलेश व उसके परिजन नाराज हो गया और गुस्से में बिना शादी किए ही बारात वापस ले गया। जब दुल्हन पक्ष को इस बात की जानकारी हुई तो परिवार के लोग सकते में आ गए। यह मामला इतना गंभीर हो गया कि वे तुरंत स्थानीय थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी क़घटना की जानकारी दी। दुल्हन पक्ष की शिकायत पर थाना प्रभारी उर्मिला सिंह ने हस्तक्षेप किया और मामले को सुलझाने के लिए दूल्हे के घर पहुंचीं। पुलिस की समझाने के बाद आखिरकार दूल्हा बारात के साथ वापस लौटा, लेकिन उसने दुल्हन के दरवाजे पर दोबारा जाने से इनकार कर दिया।
दूल्हे और उसके परिजनों की जिद थी कि अब शादी थाने में ही करवाई जाए। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए कौशाम्बी थाना पुलिस ने बीच का रास्ता निकाला और थाना के परिसर स्थित मंदिर में शादी कराने का सुझाव दिया। इस पर दोनों परिवार सहमत हो गए और सोमवार सुबह मंदिर में विधिवत रूप रीति रिवाज से शादी संपन्न कराई गई। शादी के बाद दुल्हन की विदाई भी कर दी गई, और इस तरह थाना कौशाम्बी पुलिस की सूझबूझ से यह विवाद सुलझा और शादी बिना किसी बड़े बवाल के पूरी हो सकी।
Comments