अलवारा झील से दुर्लभ हरियल पक्षी के शिकार में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार
- Posted By: Dinesh Kumar
- उत्तर प्रदेश
- Updated: 19 January, 2026 22:07
- 27

PPN NEWS
रिपोर्ट - दिनेश कुमार (जिला संवाददाता)
अलवारा झील से दुर्लभ हरियल पक्षी के शिकार में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार
कौशांबी। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महेवाघाट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना महेवाघाट पुलिस ने हरियल पक्षी (एलोपेटेड ग्रीन पिजन) के अवैध शिकार में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष महेवाघाट धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार को अलवारा झील के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में लखन लाल पुत्र सुखलाल निवासी पूरब शरीरा तथा सुरेश पुत्र दुबतीलाल निवासी वार्ड नंबर 12, थाना पश्चिम शरीरा शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 14 दुर्लभ हरियल पक्षी एवं शिकार में प्रयुक्त एक प्लास्टिक का जाल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार हरियल पक्षी का शिकार भारत सरकार द्वारा पूर्णतः प्रतिबंधित है और यह वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत संरक्षित प्रजाति में शामिल है। सूचना मिलते ही मौके पर सरसवां रेंज के डिप्टी रेंजर मनोज कुमार को बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में बरामद सभी 14 हरियल पक्षियों को सुरक्षित रूप से वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 13/26 के अंतर्गत धारा 3/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 एवं धारा 325 बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन्य जीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

Comments