प्रेम विवाह का खूनी अंत, ससुराल आए युवक की चाकू से गोदकर हत्या
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 18 February, 2026 08:01
- 59

प्रेम विवाह का खूनी अंत, ससुराल आए युवक की चाकू से गोदकर हत्या
प्रेम विवाह के बाद पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या।
साले और ससुर समेत चार आरोपियों ने घेरकर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
काकोरी लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालताखेड़ा में सोमवार रात प्रेम विवाह के विवाद ने रूह कंपा देने वाली वारदात का रूप ले लिया। पीलीभीत के माधौटांडा निवासी 24 वर्षीय रामसागर, पुत्र इंदल, अपनी पत्नी कामिनी को विदा कराने ससुराल पहुंचा था, जहां उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सुमित, अमित, भीमा गौतम और रिश्तेदार पंकज को हिरासत में ले लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार, रामसागर ने दिसंबर 2024 में लालताखेड़ा निवासी कामिनी से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद परिजन कामिनी को वापस गांव ले आए थे और उसकी दूसरी जगह शादी कराने की फिराक में थे। सोमवार को जब रामसागर अपने भाई राहुल के साथ पत्नी को लेने पहुंचा, तो गांव के बाहर ही ससुराल पक्ष से उसकी तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि साले सुमित ने रामसागर पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे सीएचसी सरोजनीनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस जघन्य अपराध को लेकर हत्या करना, जानलेवा हमला करना, गाली-गलौज व मारपीट करना और एक ही उद्देश्य से मिलकर अपराध करने जैसी गंभीर कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Comments