ऑल सोल्स डे पर ईसाई समुदाय ने श्रद्धापूर्वक किया अपने दिवंगत पूर्वजों को याद
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 3 November, 2026 06:50
- 38

PPN NEWS
निशातगंज और माल एवेन्यू कब्रिस्तानों में उमड़े श्रद्धालु, कब्रों पर फूल चढ़ाकर और मोमबत्तियां जलाकर की विशेष प्रार्थना
लखनऊ, 02 नवम्बर। ईसाई समुदाय ने सोमवार को ऑल सोल्स डे (All Souls' Day) श्रद्धा, आस्था एवं प्रार्थना के साथ मनाया। इस अवसर पर लखनऊ के निशातगंज स्थित क्रिश्चियन कब्रिस्तान तथा माल एवेन्यू स्थित गोरा कब्रिस्तान में बड़ी संख्या में ईसाई परिवारों ने पहुंचकर अपने दिवंगत परिजनों एवं पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लखनऊ क्रिश्चियन बरियल बोर्ड (LCBB) द्वारा दोनों कब्रिस्तानों में ऑल सोल्स डे के अवसर पर विशेष साफ-सफाई, रखरखाव एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का कब्रिस्तानों में पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया, जो शाम तक जारी रहा। लोगों ने अपने प्रियजनों की कब्रों की साफ-सफाई की, फूल एवं पुष्पमालाएं अर्पित कीं तथा मोमबत्तियां जलाकर उनकी आत्मिक शांति के लिए विशेष प्रार्थनाएं कीं। इस दौरान दोनों कब्रिस्तानों में श्रद्धा, शांति एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
लखनऊ क्रिश्चियन बरियल बोर्ड के सचिव श्री जे. जे. जोसफ ने बताया कि ईसाई परंपरा में प्रत्येक वर्ष 2 नवम्बर को विश्वभर में ऑल सोल्स डे मनाया जाता है। यह दिन उन सभी दिवंगत आत्माओं की स्मृति एवं उनके लिए प्रार्थना करने का विशेष अवसर है, जो इस संसार से विदा हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल दिवंगत परिजनों को याद करने का ही नहीं, बल्कि पारिवारिक संबंधों, पूर्वजों के प्रति सम्मान, प्रेम, आस्था एवं आध्यात्मिक मूल्यों को जीवित रखने का भी प्रतीक है।
श्री जोसफ ने बताया कि लखनऊ क्रिश्चियन बरियल बोर्ड द्वारा निशातगंज एवं माल एवेन्यू स्थित दोनों कब्रिस्तानों को इस अवसर के लिए व्यवस्थित एवं तैयार किया गया था, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक वातावरण में अपने पूर्वजों की कब्रों पर जाकर प्रार्थना कर सकें।
उन्होंने कब्रिस्तानों की साफ-सफाई, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले बोर्ड के सदस्यों, कर्मचारियों तथा स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए ईसाई समुदाय से उनके लिए भी प्रार्थना करने की अपील की।
ऑल सोल्स डे के अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने अपने परिवारों के साथ कब्रिस्तानों में पहुंचकर दिवंगत पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी स्मृतियों को जीवंत रखा।
Comments