नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 15 April, 2026 20:50
- 63

नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पनियरा क्षेत्र के जंगल बाकी टुकड़ा नंबर 14 में जलभराव से ग्रामीण परेशान।
एसडीएम ने ग्राम पंचायत सचिव को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के दिए निर्देश।
महाराजगंज जनपद के तहसील सदर अंतर्गत थाना पनियरा क्षेत्र के ग्राम सभा जंगल बाकी टुकड़ा नंबर 14, टोला दमडी गीर में नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को गांव के लोग एकजुट होकर नाली निर्माण की समस्या को लेकर लामबंद हो गए और प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि उनके घर के रास्ते पर नाली का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। नाली के अभाव में क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या बनी रहती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस ज्वलंत समस्या को लेकर चंद्रभान सिंह, बीरबल राजभर, दिनेश सिंह, रामनयन भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस पूरे विवाद पर जब ग्राम प्रधान अदालत साहनी से वार्ता की गई, तो उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर नाली का निर्माण होना है, वह खाद गड्ढे की जमीन है। उक्त जमीन को पूर्व में ग्रामीणों द्वारा पाट दिया गया था। अब जब वहां खुदाई का कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाता है, तो गांव के ही कुछ लोग इस पर आपत्ति जता रहे हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य में बाधा आ रही है और काम करने में असुविधा हो रही है। प्रधान ने मांग की है कि प्रशासन की प्रत्यक्ष देखरेख में ही यहाँ कार्य कराया जाना उचित होगा ताकि किसी भी प्रकार का विवाद न हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीएम सदर महाराजगंज से मुलाकात कर उन्हें एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने नाली निर्माण कार्य को शीघ्र अति शीघ्र शुरू कराने की गुहार लगाई है। एसडीएम ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों, विशेष रूप से ग्राम पंचायत सचिव (वीडीओ) को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि नाली निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और प्रभावी कदम उठाते हुए जल्द से जल्द ग्रामीणों की इस समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन के इस रुख के बाद अब क्षेत्र के लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि धरातल पर कार्य कब शुरू होता है और उन्हें नारकीय जीवन से कब मुक्ति मिलती है।

Comments