केजीएमयू कुलपति सम्मान समारोह में कर्मचारी परिषद ने रचा इतिहास
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 7 September, 2026 22:30
- 61

PPN NEWS
- चार कुंतल की पुष्पमाला पहनाकर सभी कैडरों के कर्मचारियों ने कुलपति महोदया का किया भव्य अभिनंदन
- इंडियन बैंक की पहल से दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की सहायता
किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में आज कर्मचारी परिषद द्वारा आदरणीय कुलपति महोदया के पुनः कुलपति पद पर नियुक्त होने के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न कैडरों एवं विभागों से बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे और कुलपति महोदया का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
सम्मान समारोह में कर्मचारी परिषद की ओर से कुलपति महोदया को लगभग चार कुंतल की विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। यह अभिनंदन समारोह कर्मचारियों की एकजुटता, उत्साह और कुलपति महोदया के प्रति सम्मान का अभूतपूर्व उदाहरण रहा।
कार्यक्रम स्थल कर्मचारियों से खचाखच भरा हुआ था। विश्वविद्यालय के विभिन्न कैडरों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर कुलपति महोदया को पुनः दायित्व प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष विकास सिंह, महामंत्री अनिल कुमार, उपाध्यक्ष करुणेन्द्र प्रकाश एवं सोनू वाल्मीकि, भीम सिंह बघेल, संयुक्त मंत्री फैज दुबे एवं राम बहादुर, कोषाध्यक्ष उमाशंकर, संगठन मंत्री राजेश, कार्यक्रम सचिव शैलेंद्र भिंडी, राम दल सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर कुलपति महोदया के प्रति सम्मान एवं विश्वास व्यक्त किया। समारोह में कर्मचारियों की अभूतपूर्व भागीदारी ने इसे केजीएमयू के कर्मचारी इतिहास का एक यादगार आयोजन बना दिया।
दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए 20-20 लाख रुपये की ऐतिहासिक सहायता
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण एवं भावुक क्षण उस समय आया जब इंडियन बैंक के सहयोग से सेवा के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर स्वर्गीय अफजाल अहमद, मेडिसिन विभाग की पत्नी श्रीमती नीमा बानो तथा स्वर्गीय बृजेश कुमार, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की पत्नी श्रीमती नीतू चतुर्वेदी को 20-20 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
यह सहायता राशि आदरणीय कुलपति महोदया एवं इंडियन बैंक के सहयोग से प्रदान की गई। कर्मचारी परिषद के प्रयासों से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हित में शुरू हुई यह पहल भविष्य में कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मिसाल बन सकती है।
कर्मचारी परिषद ने इंडियन बैंक के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी कर्मचारी के असामयिक निधन के बाद उसके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना केवल सहायता नहीं, बल्कि उस कर्मचारी की वर्षों की सेवा के प्रति सम्मान और परिवार के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
कुलपति महोदया ने कार्यक्रम को बताया ऐतिहासिक
अपने संबोधन में आदरणीय कुलपति महोदया ने कर्मचारी परिषद द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की भव्यता और कर्मचारियों की एकजुटता की सराहना करते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने कहा कि अपने पूरे कार्यकाल और करियर में उन्होंने कर्मचारियों द्वारा इस प्रकार का भव्य और अभूतपूर्व सम्मान समारोह कहीं नहीं देखा। कार्यक्रम में कर्मचारियों की भारी उपस्थिति और उनका उत्साह इस बात का प्रमाण है कि केजीएमयू परिवार एकजुट होकर संस्थान की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।
कुलपति महोदया ने कर्मचारी परिषद द्वारा कर्मचारी हित में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की तथा भविष्य में विश्वविद्यालय और कर्मचारियों के हित में मिलकर कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।
कर्मचारी परिषद ने जताया आभार
कर्मचारी परिषद ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि केजीएमयू के समस्त कर्मचारियों की एकजुटता, मेहनत और भावनाओं का सम्मान है। परिषद विश्वविद्यालय की प्रगति, कर्मचारियों के सम्मान तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कर्मचारी परिषद ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कर्मचारी साथियों, पदाधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रशासन तथा विशेष रूप से इंडियन बैंक के पदाधिकारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
यह समारोह केजीएमयू के इतिहास में कर्मचारी एकता, सम्मान और कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हुआ।
Comments