काकोरी में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान वैन में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे पिता-पुत्र
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 31 March, 2026 17:32
- 65

काकोरी में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान वैन में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे पिता-पुत्र
अवैध गैस रिफिलिंग बनी काल, वैन जलकर हुई राख।
धमाके से पहले पिता-पुत्र ने भागकर बचाई जान, टला बड़ा हादसा।
काकोरी लखनऊ। मंगलवार सुबह काकोरी के हरदोई रोड स्थित दुर्गागंज चौराहे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध रूप से गैस रिफिलिंग के दौरान एक वैन आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि सिलेंडर फटने से पहले ही वैन सवार पिता-पुत्र ने भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, दुर्गागंज निवासी राम शंकर राजपूत अपने बेटे के साथ सड़क किनारे एक खाली प्लॉट पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर से वैन में गैस रिफिल कर रहे थे।
इसी दौरान रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही इलेक्ट्रॉनिक मशीन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वैन में रखे गैस सिलेंडर की वजह से आग तेजी से फैली, जिसे देख आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और चौक फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। काकोरी पुलिस ने मौके से घरेलू गैस सिलेंडर को अपने कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग के गंभीर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments