श्रद्धांजलि सभा में भावुक हुए सांसद कमलेश पासवान, शिवराज सिंह चौहान ने स्व. ओमप्रकाश पासवान को बताया जननायक
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 25 March, 2026 17:19
- 79

श्रद्धांजलि सभा में भावुक हुए सांसद कमलेश पासवान, शिवराज सिंह चौहान ने स्व. ओमप्रकाश पासवान को बताया जननायक
स्व. ओमप्रकाश पासवान की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, शिवराज सिंह चौहान ने किया पुस्तक का विमोचन।
पिता को याद कर मंच पर रो पड़े सांसद कमलेश पासवान, दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि।
गोरखपुर। गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को मानीराम विधानसभा के पूर्व विधायक स्वर्गीय ओमप्रकाश पासवान की 30वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारत सरकार के कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्व. पासवान के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि ओमप्रकाश पासवान जैसा नेता दोबारा पैदा नहीं होगा, जो हमेशा जनता के कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते थे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मैं केवल मध्य प्रदेश का नहीं, बल्कि गोरखपुर वासियों का भी मामा हूं।" साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी 'लखपति दीदी' योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान अपने पिता को याद करते हुए बांसगांव सांसद और भारत सरकार के राज्य मंत्री कमलेश पासवान अत्यंत भावुक हो गए और मंच पर ही उनके आंसू छलक पड़े। उन्होंने रुंधे गले से कहा कि वह क्षेत्र की जनता के प्यार के सदैव ऋणी रहेंगे और उनके पिता की तरह उनके द्वार भी हर गरीब और जरूरतमंद के लिए हमेशा खुले हैं। कार्यक्रम में उपस्थित गोरखपुर सांसद रवि किशन ने स्व. पासवान को अपना प्रेरणा स्रोत बताया और कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग की सेवा की। वहीं कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में स्व. पासवान द्वारा किए गए योगदानों की सराहना की।
इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान द्वारा स्वर्गीय ओमप्रकाश पासवान की जीवनी पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में कुशीनगर सांसद विजय दुबे, विधायक राजेश त्रिपाठी, विमलेश पासवान, महेंद्र पाल सिंह, सरवन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्थानीय जनता मौजूद रही। वक्ताओं ने स्व. ओमप्रकाश पासवान के जनसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Comments