दुबग्गा में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर फांदकर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 10 May, 2026 20:08
- 82

दुबग्गा में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर फांदकर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत
तेज रफ्तार और बिना हेलमेट के कारण हुआ जानलेवा हादसा।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक।
दुबग्गा लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ सब्जी मंडी के पीछे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ठाकुरगंज के राधा ग्राम डूडा कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय समद, जो अपने पिता के साथ कबाड़ का व्यवसाय करता था, रविवार दोपहर अपने दो दोस्तों उमर और जीशान के साथ बाइक पर सवार होकर कानपुर बाईपास की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक डिवाइडर से टकराकर उछलते हुए दूसरी लेन में खड़े ट्रक में जा घुसी।
हादसे के वक्त समद ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए परिजन समद को एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल उमर का इलाज फिलहाल ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जिसके पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। तीसरे साथी जीशान को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। समद की असामयिक मृत्यु से उसके परिवार में मातम पसरा है।

Comments