समाजवादी पार्टी ने मनाई महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 11 April, 2026 14:26
- 53

समाजवादी पार्टी ने मनाई महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती
महात्मा फुले के आदर्शों पर चलने का संकल्प, समाज सुधारक के रूप में उनके योगदान को किया याद।
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पर उमड़ा नेताओं का हुजूम, महिला शिक्षा और समानता पर दिया जोर।
लखनऊ। लखनऊ के कैसरबाग स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, 6 लाजपत राय भवन में शनिवार को महान समाज सुधारक और विचारक महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले की जयंती गौरवपूर्ण तरीके से मनाई गई। इस कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष जयसिंह ‘जयन्त’, सांसद आर0के0 चैधरी और जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने महात्मा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जयसिंह ‘जयन्त’ ने महात्मा फुले के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ज्योतिराव फुले न केवल एक महान क्रांतिकारी और भारतीय विचारक थे, बल्कि उच्च कोटि के दार्शनिक भी थे जिन्होंने समाज की कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की स्थिति में सुधार और उनकी शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि फुले ने वर्ष 1854 में एक ऐसे स्कूल की स्थापना की थी, जिसके दरवाजे बिना किसी जाति, धर्म या पंथ के भेदभाव के सभी के लिए खुले थे। समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा और समर्पण को देखते हुए ही 1888 में मुंबई की एक विशाल जनसभा में उन्हें ‘महात्मा’ की उपाधि से विभूषित किया गया था।
इस जयंती समारोह में मुख्य रूप से प्रदेश सचिव विजय सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष टी0बी0 सिंह, अनिल पासी, बचान सिंह यादव और मोहनलालगंज के विधानसभा अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा इष्तियाक अहमद, महिला सभा की जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संजय यादव, मजूदर सभा के जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र कुमार ‘ज्ञानू’, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह यादव और सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय यादव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में सत्येन्द्र रावत, धीरज यादव, मनोज यादव, शिवम यादव ‘गोलू’ सहित पार्टी के दर्जनों अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए और महात्मा फुले के बताए रास्ते पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।

Comments