सड़क बह गई या टूट गई, लेकिन भाजपा सरकार की जवाबदेही क्यों नहीं बहती ? - लोकदल

सड़क बह गई या टूट गई, लेकिन भाजपा सरकार की जवाबदेही क्यों नहीं बहती ? - लोकदल

PPN NEWS

लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने सड़क के बह जाने या टूटने  पर मीडिया के सवाल के जवाब में भाजपा सरकार के पिछड़ों के मंत्री की टिप्पणी पर तीखा हमला बोला है।


सुनील सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में मंत्री जनता की समस्याओं का समाधान देने के बजाय सवालों से बचने और मजाक बनाने में लगे हैं। जब मीडिया ने सड़क बहने या टूटने को लेकर सवाल पूछा तो मंत्री का जवाब सरकार की गंभीरता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।


उन्होंने कहा, “सड़क जनता के टैक्स के पैसे से बनती है। सड़क बह गई तो मंत्री जी का सवाल से बच जाना भी जनता के पैसे के साथ न्याय नहीं है। सवाल सड़क के बहने का ही नहीं है, सवाल यह है कि सड़क बनाने में लगा जनता का पैसा किसकी जेब में गया और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार कौन है?

लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोपों पर जवाब देने के बजाय जिम्मेदारी से बचने की राजनीति की जा रही है। अगर सड़क पहली बारिश में बह जाती है तो सरकार को यह बताना चाहिए कि निर्माण की गुणवत्ता की जांच किसने की और ठेकेदार को भुगतान किस आधार पर किया गया।


उन्होंने कहा कि मंत्री का अहंकार जनता के जख्म पर नमक छिड़कने जैसा है। प्रदेश की जनता टूटी सड़कों, महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन सरकार जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है।

भाजपा सरकार को याद रखना चाहिए कि सड़क भले बारिश में बह जाए, लेकिन जनता के सवाल नहीं बहेंगे।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *