इन्दिरानगर में रिटायर्ड प्रधानाध्यापक ने खाया जहर, उपचार के दौरान हुई मौत
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 1 February, 2026 13:32
- 57

इन्दिरानगर में रिटायर्ड प्रधानाध्यापक ने खाया जहर, उपचार के दौरान हुई मौत
पूर्व प्रधानाध्यापक ने अज्ञात जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
अस्पताल में उपचार के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम, पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम।
लखनऊ। राजधानी के इन्दिरानगर थाना क्षेत्र के इंसाफनगर कॉलोनी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक ने अज्ञात जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। रविवार सुबह करीब 09:00 बजे चन्दन हॉस्पिटल, विभूतिखंड से प्राप्त डेथ मेमो के जरिए पुलिस को इस दुखद घटना की जानकारी मिली।
विवरण के अनुसार, सेक्टर-10 स्थित 202A इंसाफनगर कॉलोनी के निवासी लाल प्रताप सिंह, जिनकी उम्र करीब 73 वर्ष थी, को शनिवार रात्रि लगभग 09:00 बजे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 08:00 बजे जब मृतक की बहू उन्हें भोजन देने कमरे में पहुंची, तो उन्होंने देखा कि लाल प्रताप सिंह को उल्टियां हो रही थीं। पूछताछ में उन्होंने स्वयं स्वीकार किया कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है।
परिजन उन्हें आनन-फानन में चंदन हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया। हालांकि, शनिवार रात्रि करीब 11:55 बजे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना इन्दिरानगर पुलिस ने तत्काल अस्पताल और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की सही वजह सामने आ सके।

Comments