निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट में मिट्टी धंसी, एक मजदूर की मौत
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 30 April, 2026 18:35
- 48

निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट में मिट्टी धंसी, एक मजदूर की मौत
बेसमेंट की खुदाई के दौरान हुआ हादसा, दो मजदूर मलबे में दबे
एक मजदूर ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, दूसरा सुरक्षित
लखनऊ। विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र के अंतर्गत समिट चौकी इलाके में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एनटीपीसी भवन के सामने आईजीपी रोड पर एक निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन के बेसमेंट में काम के दौरान अचानक मिट्टी और निर्माण सामग्री धंस गई, जिसकी चपेट में आकर दो मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
राहत एवं बचाव दल ने मलबे में फंसे दोनों मजदूरों को बाहर निकालकर तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने लक्ष्मी शंकर अवस्थी, निवासी बाराबंकी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल दूसरे मजदूर तुलसीराम को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने लापरवाही से जुड़ी धाराओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कानूनी प्रावधानों के तहत मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वर्तमान में घटनास्थल पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

Comments