समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 6 June, 2026 19:57
- 45

समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज हुईं रिकॉर्ड 428 शिकायतें, मौके पर 112 मामलों का हुआ निस्तारण।
राजस्व, पुलिस और बिजली विभाग की लापरवाही पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार।
मोहनलालगंज लखनऊ। शनिवार को मोहनलालगंज तहसील सभागार कक्ष में जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील परिसर में अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों का तांता लगा रहा, जिसके चलते शिकायतों का अंबार लग गया। समाधान दिवस में कुल 428 शिकायतें लिखित रूप में दर्ज की गईं, जिनमें से 112 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि सैकड़ों अन्य प्रार्थना पत्रों को अग्रिम कार्यवाही के लिए जमा किया गया। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने प्रशासनिक और पुलिसिया लापरवाही की गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। गांधीनगर तेलीबाग निवासी कनक शील ने शिकायत की कि निगोहां नगराम रेलवे फाटक के पास स्थित उनकी संक्रमणीय भूमिधर जमीन की पैमाइश और मेड़बंदी के अदालती आदेश के बावजूद विपक्षी ममता सिंह और उनके पति राजेश ने विवाद कर काम रोक दिया। इस मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा टालमटोल करने पर जिलाधिकारी ने निगोहां पुलिस को तत्काल कड़ी वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं, खुजौली के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि चंद्रशेखर ने सामुदायिक मिलन केंद्र की बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान मनरेगा द्वारा लगाए गए नीम के पेड़ों को काटने की शिकायत दर्ज कराई। समेसी के प्रधान अशोक कुमार ने शुक्लवा के पास सीपेज ड्रेन पर नहर पुलिया न होने से सैकड़ों किसानों को होने वाली असुविधा से अवगत कराते हुए पुलिया निर्माण की मांग की।
इसके अतिरिक्त, बिजली विभाग और दबंगों के उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें भी प्रमुखता से सामने आईं। फुलवरिया की रीना पाल ने दरवाजे पर लगे बिजली के खंभे में करंट उतरने और विभाग द्वारा लापरवाही बरतने की शिकायत की, जिससे बच्चों और मवेशियों की जान को खतरा बना हुआ है। मोहनलालगंज सराय निवासी वृद्ध विधवा शांति शर्मा ने आरोप लगाया कि दबंग पड़ोसी उन्हें अपनी निजी भूमि पर बोरिंग नहीं करने दे रहा है और शिकायत करने पर उनके इकलौते बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहा है। सिसेंडी की आफरीन ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और घर से निकालने का आरोप लगाया, तो कोराना निवासी श्रीपाल ने अधूरी खोदी गई सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की। डलौना के दिव्यांग विक्की सिंह ने पेंशन दिलाए जाने हेतु प्रार्थना पत्र दिया।
इस संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग की प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर के साथ मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी पवन पटेल, एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह और तहसीलदार ऋतुराज शुक्ल सहित तमाम जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की।

Comments