बांस की झाड़ियों से लटका मिला महिला का शव, शिनाख्त के बाद पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 25 March, 2026 14:49
- 47

बांस की झाड़ियों से लटका मिला महिला का शव, शिनाख्त के बाद पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम
सोशल मीडिया के जरिए हुई मृतका की पहचान, परिजनों ने नहीं लगाया कोई आरोप।
मोहनलालगंज लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब रेलवे लाइन के पास स्थित ग्राम बक्खाखेड़ा में बांस की झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का शव दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया गया। सुबह करीब 9:00 बजे स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद उपनिरीक्षक अतुल सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला पुलिस कर्मियों, उपनिरीक्षक मेघा तिवारी और आरक्षी नेहा मिश्रा की उपस्थिति में शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया गया।
शुरुआती जांच में महिला की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का सहारा लिया, जिसके कुछ समय बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मृतका की शिनाख्त की। मृतका की पहचान 52 वर्षीय बिमला देवी उर्फ बन्नो चौरसिया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद उन्नाव की निवासी थीं और वर्तमान में सरोजनीनगर के बेहसा न्यू गढ़ौरा में अपने पति बालकृष्ण चौरसिया के साथ रह रही थीं। परिजनों के अनुसार मृतका एक गृहणी थी और उनके पति मजदूरी का काम करते हैं।
पुलिस की प्राथमिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर मामला पहली नजर में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी किसी व्यक्ति पर कोई संदेह या आरोप व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है।

Comments