बारिश में लखनऊ का हाल परखने निकले मंत्री एके शर्मा, बोले- नालों के काम से नहीं बना जलभराव का संकट
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 28 September, 2026 09:23
- 44

बारिश में लखनऊ का हाल परखने निकले मंत्री एके शर्मा, बोले- नालों के काम से नहीं बना जलभराव का संकट
20 साल की रिकॉर्ड बारिश के बाद भी राजधानी में गंभीर जलभराव नहीं
अंडरपास और निचले इलाकों के स्थायी समाधान पर जोर, अफसरों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
लखनऊ। राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा रविवार को मैदान में उतरे। उन्होंने जनेश्वर मिश्र पार्क, अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास अंडर ब्रिज, इंदिरा नगर के सी ब्लॉक, रहीम नगर और महानगर सहित कई इलाकों में पहुंचकर जलभराव और पानी की निकासी का हाल देखा। मंत्री ने अफसरों से साफ कहा कि बारिश के दौरान सभी अलर्ट मोड में रहें और जहां भी पानी भरे, वहां फौरन कार्रवाई हो।
अंडर ब्रिज पर पानी न लगा देख मंत्री ने संतोष जताया। उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार को निर्देश दिए कि शहर के सभी अंडरपास और अंडर ब्रिज को चिह्नित कर वहां की जलनिकासी व्यवस्था परखी जाए, ताकि आगे कभी पानी भरने की दिक्कत न हो।
इंदिरा नगर के सी ब्लॉक में मंत्री ने नाले का मुआयना किया और लोगों से बात की। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाला बन जाने से इस बार बारिश में पानी नहीं भरा। राहत मिलने पर लोगों ने मंत्री का आभार जताया। रहीम नगर और महानगर में भी नालों को देखने के बाद मंत्री ने व्यवस्था और बेहतर करने को कहा। जहां पानी भरे, वहां तुरंत पंपिंग और सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त से कहा कि शहर के सभी निचले इलाकों को चिह्नित कर स्थायी समाधान की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
मंत्री ने कहा कि बीते 20 साल की रिकॉर्ड बारिश और लगातार दो-तीन दिन पानी बरसने के बावजूद जलनिकासी के लिए हुए कामों की वजह से इस साल राजधानी में गंभीर जलभराव नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पहले फैजुल्लागंज, विधानसभा और सिविल अस्पताल के आसपास बरसात में पानी भर जाता था, लेकिन बीते सालों में हुए कामों का अच्छा नतीजा दिख रहा है।
मंत्री ने अफसरों से कहा कि सिर्फ बारिश के वक्त पानी निकालने तक सीमित न रहें, बल्कि नालों की क्षमता, पानी निकलने के रास्ते, पंपिंग व्यवस्था और दूसरे तकनीकी उपायों की भी समीक्षा करें। नगर निगम और दूसरे विभाग आपसी तालमेल से काम करें, संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर टीम व संसाधन फौरन मौके पर पहुंचाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता समेत नगर निगम और दूसरे विभागों के अफसर मौजूद रहे।
Comments