विकास का नया ग्रोथ कॉरिडोर बनेगा मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग, फोरलेन चौड़ीकरण को मिली हरी झंडी
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 7 June, 2026 19:56
- 52

विकास का नया ग्रोथ कॉरिडोर बनेगा मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग, फोरलेन चौड़ीकरण को मिली हरी झंडी
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के प्रयासों से पूर्वांचल की बड़ी सड़क परियोजना को मिली प्रशासनिक मंजूरी।
55.57 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन परियोजना से मऊ और बलिया सहित पूरे क्षेत्र की आर्थिक व सामाजिक प्रगति को मिलेगी रफ्तार।
मऊ बलिया। रविवार को पूर्वांचल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 128-बी के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण परियोजना को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के निरंतर प्रयासों और प्रभावी पैरवी के बाद मिली इस बड़ी मंजूरी से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा। 55.57 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने और इसमें तेजी लाने के उद्देश्य से मंत्री ए. के. शर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष को एक पत्र भी लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है, ताकि जन आकांक्षाओं के अनुरूप इस राजमार्ग का निर्माण समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की महत्ता को रेखांकित करते हुए मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण पूर्वांचल के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास का मजबूत आधार बनेगी। इस मार्ग के फोरलेन में तब्दील होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी, बल्कि यात्रा के समय में भी भारी कमी आएगी। परियोजना के तहत कई प्रमुख रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण भी प्रस्तावित किया गया है, जिससे आवागमन के दौरान लगने वाले जाम और अन्य बाधाओं से जनता को पूरी तरह निजात मिल सकेगी। इस नए ग्रोथ कॉरिडोर से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मिलेगा।

Comments