काकोरी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, ससुर और सालों समेत चार गिरफ्तार
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 18 February, 2026 08:04
- 45

काकोरी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, ससुर और सालों समेत चार गिरफ्तार
पुलिस ने आलाकत्ल खून से सना चाकू किया बरामद, प्रेम विवाह बना था हत्या का कारण।
ससुराल पक्ष के तीन सगे संबंधी जेल भेजे गए, एक बाल अपचारी भी पुलिस की गिरफ्त में।
काकोरी लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने सनसनीखेज रामसागर हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सुमित गौतम, अमित गौतम और भीमा गौतम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी पंकज को भी संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना घातक चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
मामला बुधवार से दो दिन पूर्व सोमवार का है, जब पीलीभीत निवासी 24 वर्षीय रामसागर अपनी पत्नी कामिनी को विदा कराने उसके मायके लालताखेड़ा पहुंचा था। दिसंबर 2024 में प्रेम विवाह करने के बाद से ही ससुराल पक्ष इस रिश्ते से नाराज चल रहा था और युवती की दूसरी जगह शादी कराने की फिराक में था। इसी विवाद के चलते सोमवार शाम गांव के बाहर सड़क किनारे आरोपियों ने रामसागर को घेर लिया। गाली-गलौज और मारपीट के बीच सुमित और अमित ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर रामसागर को मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस जघन्य वारदात के बाद मृतक के भाई राहुल की तहरीर पर हत्या करना, जानलेवा हमला करना, एक राय होकर अपराध करना और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक काकोरी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। पारिवारिक रंजिश और मान-प्रतिष्ठा के नाम पर अंजाम दी गई इस वारदात के सभी पहलुओं की जांच पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Comments