पारा में सर्राफा व्यापारी ने खुद को लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली, मौत
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 22 April, 2026 19:02
- 76

पारा में सर्राफा व्यापारी ने खुद को लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली, मौत
पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव में थे व्यापारी कप्तान सिंह।
कमरे का दरवाजा बंद कर खुद को मारी गोली, मौके पर हुई मौत।
पारा लखनऊ। बुधवार सुबह पारा के मोहान रोड स्थित भपटामऊ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ सर्राफा व्यापारी ने अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 55 वर्षीय कप्तान सिंह सरदार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कासगंज के निवासी थे और यहां सोने की नाक की कील का व्यापार करते थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह कप्तान सिंह ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और सिर पर बंदूक रखकर फायर कर दिया। गोली सिर के आर-पार हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत वहां पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो कप्तान सिंह का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था और पास ही उनकी लाइसेंसी बंदूक बरामद हुई।
बुद्धेश्वर चौकी इंचार्ज विनय पटेल ने बताया कि कप्तान सिंह अपने दो बेटों और बहुओं के साथ यहां रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और दो अन्य बेटे कासगंज में रहते हैं। आत्महत्या के पीछे का कारण गहरा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। दरअसल, कासगंज में रहने वाले उनके बेटे पवन की पत्नी ने करीब एक साल पहले परिजनों के खिलाफ स्त्री के प्रति क्रूरता और दहेज के लिए परेशान करने से जुड़ी धाराओं (दहेज उत्पीड़न) के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी वजह से कप्तान सिंह पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भर मृत्यु के कारणों की जांच और साक्ष्य जुटाने की विधिक कार्यवाही करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments