रोडवेज बस और पिकअप की भीषण टक्कर, चपेट में आए दोपहिया वाहन, एक की मौत और दो गंभीर
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 19 June, 2026 20:56
- 43

रोडवेज बस और पिकअप की भीषण टक्कर, चपेट में आए दोपहिया वाहन, एक की मौत और दो गंभीर
तेज रफ्तार रोडवेज बस और पिकअप की जोरदार भिड़ंत में स्कूटी सवार युवक की थमी सांसें, दो गंभीर रूप से घायल।
सड़क हादसे से आक्रोशित परिजनों ने हरदोई मार्ग पर शव रखकर किया प्रदर्शन, प्रशासन के समझाने पर हटी भीड़।
काकोरी लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आयशा हॉस्पिटल के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां बेलगाम रफ्तार के कारण कई जिदगियां संकट में आ गईं। बताया जा रही है कि शुक्रवार शाम करीब 4:10 बजे हरदोई की ओर से आ रही रोडवेज बस और मलिहाबाद की तरफ से आ रही पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसी दौरान दुबग्गा की तरफ से आ रही स्कूटी और हरदोई की ओर जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी इस दुर्घटना का शिकार हो गईं। इस बहु-वाहन भिड़ंत में स्कूटी चला रहे युवक मोहम्मद मलिक, पुत्र मोबीन, निवासी कटरा बाजार कस्बा काकोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, बाइक सवार धर्मेश चौरसिया, पुत्र सियाराम, निवासी न्यू हैदरगंज बालागंज, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ और पिकअप चालक अनिल यादव, पुत्र रामदेव, निवासी ग्राम बीरबल, थाना लालगंज, जिला प्रतापगढ़ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। दोनों घायल इस समय ट्रामा सेंटर में उपचाराधीन हैं। घटना के बाद रोडवेज बस का चालक वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
उधर, जैसे ही हादसे की खबर मोहम्मद मलिक के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक का शव हरदोई रोड पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मार्ग का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया। अशांति की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर भेजा गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी और तहसीलदार सदर ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से जुड़े वैधानिक नियमों के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Comments