सड़क हादसा : जिससे बाइक को मांगकर ले गया, उसी को बना दिया आरोपी
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 22 June, 2026 14:40
- 97

PPN NEWS
फतेहपुर सड़क हादसा प्रकरण में बड़ा खुलासा: जिससे बाइक को मांगकर ले गया, उसी को बना दिया आरोपी
फतेहपुर। थाना थरियांव क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई मौत के एक चर्चित मामले में पुलिस विवेचना के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक शिकायत में मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया था कि वह अपने पति के साथ पैदल जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उनके पति की मृत्यु हो गई। इसी आधार पर उक्त मोटरसाइकिल एवं उसके चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सतीश कुमार द्वारा की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान, पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि मृतक स्वयं मोटरसाइकिल संख्या UP71 BD 4035 को उसके स्वामी से मांगकर ले गया था और घटना के समय वही मोटरसाइकिल चला रहा था। पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि दुर्घटना किसी अन्य वाहन की टक्कर से नहीं, बल्कि मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर गिर जाने से हुई थी।
विवेचना के दौरान किसी अन्य वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने का कोई प्रत्यक्ष अथवा वैज्ञानिक साक्ष्य नहीं मिला। वहीं, शिकायत में वर्णित यह दावा भी पुष्ट नहीं हो सका कि मृतक और उसकी पत्नी पैदल जा रहे थे और किसी अन्य वाहन ने टक्कर मारी थी। पुलिस द्वारा एकत्र किए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयानों तथा उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आईं।
इस प्रकरण में बजाज एलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी की ओर से एसडीआरडी एसोसिएट्स के अन्वेषक मोहम्मद इमरान मिर्ज़ा ने बजाज एलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों अंकित सिंह एवं आशीष चंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में स्वतंत्र जांच की । जांच से प्राप्त जानकारियों ने घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने में सहयोग प्रदान किया, जिससे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकी।
हालांकि मामले में मुख्य एवं निर्णायक भूमिका थाना थरियांव पुलिस और विवेचक उपनिरीक्षक सतीश कुमार की रही, जिन्होंने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की। विवेचना में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न होने पर पुलिस ने न्यायालय में अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी।
पुलिस जांच के निष्कर्षों ने यह संकेत दिया कि जिस मोटरसाइकिल को दुर्घटना का कारण बताते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था, उसी मोटरसाइकिल को मृतक स्वयं उसके स्वामी से मांगकर ले गया था। जांच में सामने आए तथ्यों ने प्रारंभिक शिकायत और वास्तविक घटनाक्रम के बीच महत्वपूर्ण अंतर को उजागर किया।
अब इस मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।

Comments