पेड़ काटते समय अचानक ऊपर गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 7 February, 2026 17:37
- 61

पेड़ काटते समय अचानक ऊपर गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा
घर के पीछे पेड़ काटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रेफर किए जाने के बाद हुई मौत से आक्रोशित परिजनों को पुलिस ने समझा-बुझाकर किया शांत।
लखनऊ। लखनऊ के थाना गोसाईगंज क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार के दिन एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ अपने ही घर के पीछे पेड़ काट रहे एक युवक की पेड़ की चपेट में आने से जान चली गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय त्रिलोकचंद्र पुत्र भगौती के रूप में हुई है, जो ग्राम मोहम्मदाबाद का निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:55 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोसाईगंज में एक घायल युवक को लाया गया है। बताया जा रहा है कि त्रिलोकचंद्र अपने घर के पीछे लगे एक पेड़ को काट रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ा और पेड़ सीधे उसके ऊपर गिर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
अस्पताल से रेफर किए जाने के तुरंत बाद ही त्रिलोकचंद्र ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही कर रही है।

Comments