डॉ. कमलेश्वर सिंह को नेशनल डेंटल कमीशन में मिली बड़ी जिम्मेदारी
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 24 April, 2026 08:20
- 52

डॉ. कमलेश्वर सिंह को नेशनल डेंटल कमीशन में मिली बड़ी जिम्मेदारी
केजीएमयू के प्रोफेसर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
देश की दंत चिकित्सा शिक्षा और नीति निर्धारण में निभाएंगे अहम भूमिका
लखनऊ। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के लिए शुक्रवार का दिन गर्व भरा रहा। संस्थान के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. डॉ. कमलेश्वर सिंह को नई दिल्ली स्थित नेशनल डेंटल कमीशन (NDC) की डेंटल एडवाइजरी काउंसिल का सदस्य नामित किया गया है। डॉ. सिंह की यह नियुक्ति उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान को देखते हुए की गई है।
डॉ. कमलेश्वर सिंह ने अपनी पूरी शैक्षणिक यात्रा केजीएमयू से ही पूरी की है और वर्तमान में इसी संस्थान में प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले डॉ. सिंह जापान प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी और इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी के संयुक्त वैज्ञानिक विनिमय कार्यक्रम का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्हें प्रतिष्ठित आईसीएमआर (ICMR) इंटरनेशनल फेलोशिप से भी नवाजा जा चुका है।
अनुसंधान के क्षेत्र में भी उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने अब तक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं में 60 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। काउंसिल के सदस्य के रूप में डॉ. सिंह का विजन भारत में दंत चिकित्सा शिक्षा को आधुनिक तकनीक और साक्ष्य-आधारित नैदानिक प्रशिक्षण से जोड़ना है। उनका मानना है कि दंत स्नातकों को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति भी जागरूक होना चाहिए, ताकि देश की मौखिक स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा मिल सके।

Comments