लखनऊ में उद्योग बंधु की बैठक: निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामले निपटाने के सख्त निर्देश, सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर जांच के आदेश
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 29 September, 2026 20:23
- 42

लखनऊ में उद्योग बंधु की बैठक: निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामले निपटाने के सख्त निर्देश, सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर जांच के आदेश
निवेश मित्र पोर्टल के मामलों की साप्ताहिक समीक्षा कर समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया कड़ा आदेश।
खराब सड़कों और बजट के उपयोग की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी और जल निगम की संयुक्त टीम गठित।
लखनऊ। राजधानी के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी विशाख की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने, बुनियादी ढांचे की मजबूती और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से मंथन हुआ। इस दौरान औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अफसरों तथा उद्योग विभाग की टीम ने हिस्सा लिया। निवेश मित्र पोर्टल 2.0 और 3.0 पर समय सीमा से अधिक समय से लंबित मामलों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने हाउसिंग, फिल्म बंधु, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, प्रदूषण नियंत्रण और विद्युत विभाग से जुड़े प्रकरणों को तय समय सीमा के भीतर निपटाने के सख्त निर्देश दिए।
अमौसी, नादरगंज और सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा के दौरान जल निकासी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सरोजनीनगर में एनएचएआई द्वारा बनाए जा रहे ड्रेन का स्तर ऊंचा होने से उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है, जिसका काम सी एंड डीएस द्वारा कराया जाएगा। वहीं उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों और जलभराव का मामला उठाया। यूपीसीडा ने बताया कि एसटीपी निर्माण के लिए पाइपलाइन बिछाने के कारण सड़कें खराब हुई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि सड़क रेस्टोरेशन का प्रावधान मूल बजट में ही था। मामले की पड़ताल के लिए लोक निर्माण विभाग और जल निगम के अधिशासी अभियंता महेश गौतम की संयुक्त जांच टीम गठित कर विस्तृत आख्या मांगी गई है।
उद्यमियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए नादरगंज से सुनहरा रोड होते हुए रिंग रोड तक जाने वाले 5.7 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। इस निर्णय पर उद्यमियों ने प्रशासन का आभार जताया। तालकटोरा औद्योगिक आस्थान में नाली निर्माण और प्रभावित उद्यमियों की सुनवाई रिपोर्ट पर अमल के लिए पंद्रह अक्टूबर के बाद की तिथि तय की गई है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर श्रमायुक्त, उप निदेशक (कारखाना), उपायुक्त उद्योग, जिला आपूर्ति अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, एलडीए, आवास विकास, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments