जिलाधिकारी ने सरोजनीनगर तहसील में निपटाए दर्जनों मामले

जिलाधिकारी ने सरोजनीनगर तहसील में निपटाए दर्जनों मामले

जिलाधिकारी ने सरोजनीनगर तहसील में निपटाए दर्जनों मामले

पांचों तहसीलों में 549 शिकायतें पहुंचीं, मौके पर ही 122 का हुआ निपटारा

जिलाधिकारी ने अफसरों को दी हिदायत, कहा-हर शिकायत का समय पर हो समाधान

लखनऊ। शनिवार को जनपद की पांचों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें जिलाधिकारी खुद तहसील सरोजनीनगर पहुंचे और आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने साफ कहा कि लोगों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही निपटारा करना सरकार की प्राथमिकता है, इसीलिए तहसीलों में यह मंच लगाया जाता है ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

तहसील सरोजनीनगर में शनिवार को कुल 165 मामले सामने आए, जिनमें से जिलाधिकारी और उनकी टीमों ने मौके पर ही 62 मामलों को निपटा दिया। बाकी बचे मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया, साथ ही सख्त हिदायत भी दी गई कि इन्हें एक हफ्ते के भीतर हर हाल में सुलझाया जाए।

बाकी तहसीलों की बात करें तो सदर तहसील में 35 में से 3, मलिहाबाद में 97 में से 8, बीकेटी में 135 में से 31 और मोहनलालगंज में 117 में से 18 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। पूरे जिले में शनिवार को कुल 549 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 122 का तुरंत समाधान कर दिया गया। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व से जुड़ी रहीं, जबकि पुलिस, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और नगर निगम से जुड़े मामले भी बड़ी संख्या में सामने आए।

बिजली बिल सुधरवाने से जुड़ी शिकायतें भी लगातार आती देख जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अफसरों को निर्देश दिए कि अब हर समाधान दिवस पर तहसील परिसर में ही बिजली बिल सुधार शिविर लगाया जाए, ताकि लोगों की यह परेशानी वहीं खत्म हो सके। इसके अलावा पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों को भी कहा गया कि पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर लगाए जाएं।

जिलाधिकारी ने अफसरों से यह भी कहा कि जिन मामलों को निपटाने के लिए वक्त दिया गया है, उनकी फोटो और वीडियो सबूत के तौर पर जरूर जमा कराई जाए। साथ ही निर्देश दिया कि मामला निपटने के बाद अफसर खुद शिकायतकर्ता से बात करके यह जरूर पता करें कि उसकी समस्या वाकई सुलझी या नहीं।

इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी एन बी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सरोजनीनगर अभिषेक, डीसी मनरेगा, पीडी ग्राम्य विकास, तहसीलदार सरोजनीनगर जे पी सिंह सहित पुलिस और समाज कल्याण विभाग के तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *