लखनऊ में दुस्साहसिक वारदात: ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 18 May, 2026 10:33
- 90

लखनऊ में दुस्साहसिक वारदात: ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या
गोलीबारी से मड़ियांव इलाके में मची सनसनी तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
लखनऊ। रविवार को लखनऊ कमिश्नरेट के उत्तरी जोन अंतर्गत मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भिटौली तिराहे के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने एक ढाबा संचालक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि भिटौली तिराहे के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही मड़ियांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
जांच में सामने आया कि ग्राम तरहिया, थाना सैरपुर, जनपद लखनऊ के रहने वाले हनुमान प्रसाद यादव के 28 वर्षीय पुत्र विजय यादव, जो यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट के मालिक थे, अपने प्रतिष्ठान पर मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में घायल विजय यादव को तुरंत उपचार के लिए केजीएमयू अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मड़ियांव थाने में हत्या, स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी और आपराधिक कृत्य के इरादे से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments