मथुरा पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, अखिलेश यादव पर साधा निशाना
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 1 February, 2026 19:56
- 54

मथुरा पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, अखिलेश यादव पर साधा निशाना
विकास और कानून व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा।
मथुरा में श्री कृष्ण की बंसी बजने की कामना की।
मथुरा। रविवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मथुरा पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले भाजपा विधायक राजेश चौधरी के आवास पर जाकर उनकी दिवंगत माता को श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया से रूबरू होते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माता को अपने चरणों में स्थान दें और इस दुख की घड़ी में पूरी सरकार राजेश चौधरी के साथ खड़ी है। राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश को एक बीमारू राज्य बना दिया गया था और उस दौर में प्रदेश ने 1000 से अधिक दंगे झेले थे। विपक्षी नेताओं के पास कानून व्यवस्था की कोई ठोस सोच नहीं है और वे केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए जातिगत और अन्य अनर्गल मुद्दों की बातें करते हैं।
बृजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की जो छवि थी, वह अब पूरी तरह बदल चुकी है। आज उत्तर प्रदेश विकास के चौमुखी रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यह राष्ट्र में नंबर एक पर होगा। उन्होंने अयोध्या में निर्मित भव्य श्री राम मंदिर का उदाहरण देते हुए अपनी धार्मिक आस्था भी व्यक्त की। डिप्टी सीएम ने कहा कि जैसे अयोध्या में राम मंदिर बना है, वैसे ही मथुरा में भी भगवान श्री कृष्ण की बंसी बजनी चाहिए, यही उनकी बांके बिहारी के चरणों में प्रार्थना है। एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार माननीय न्यायालय का पूरा सम्मान करती है और कानून के दायरे में रहकर ही प्रदेश की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

Comments