कृष्णानगर पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश विपिन गिरफ्तार
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 10 April, 2026 17:43
- 63

कृष्णानगर पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश विपिन गिरफ्तार
राजधानी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से इनामी बदमाश घायल।
500 सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुई पहचान, 20 मुकदमों में वांछित शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे।
लखनऊ। लखनऊ के थाना कृष्णानगर पुलिस को शुक्रवार को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब एक मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी विपिन पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस टीमें काफी समय से क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए प्रयासरत थीं, जिसके लिए करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे। जांच में तीन आरोपियों की पहचान हुई थी, जिनमें से एक पहले ही जेल जा चुका है, जबकि विपिन और उसका साथी कुलदीप फरार चल रहे थे। शुक्रवार देर रात्रि डूडा कॉलोनी के पास चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध विपिन को रोकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षा कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त विपिन के पास से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की दो सोने की चेन (एक लॉकेट सहित), तीन अंगूठियां और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विपिन एक शातिर अपराधी है जिस पर लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। वह कृष्णानगर और पीजीआई क्षेत्र में हुई चोरी की कई बड़ी घटनाओं में वांछित चल रहा था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके फरार साथी कुलदीप यादव की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश तेज कर दी है।

Comments