दीवार काटकर घर से जेवरात चोरी, जांच में जुटी पुलिस
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 10 August, 2026 19:55
- 58

रिपोर्टर मोहम्मद अफरोज उर्फ सानू
दीवार काटकर घर से जेवरात चोरी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की।
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सराय अलीपुर में चोरों ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम देते हुए एक बंद मकान में सेंधमारी कर कीमती जेवरात पार कर दिए। पीड़ित मजदूर बारिश के दौरान मकान में पानी भरने के कारण परिवार के साथ पास ही स्थित अपने नए मकान में रह रहे थे। रविवार रात चोरों ने पुराने बंद मकान की पिछली दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने कमरे में झोले में रखे सारे जेवरात चोरी कर लिए। सोमवार सुबह मकान पहुंचे परिजनों को चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। वहीं इस सम्बन्ध में चौकी प्रभारी शैलेश प्रताप सिंह ने बताया की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है। पीड़ित की तरफ से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने और अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। यह टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर चोरों की पहचान करने तथा चोरी गया माल बरामद करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। प्रकरण में जांच एवं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
Comments