कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत होगा संगठन : दिलीप पटेल
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 29 September, 2026 19:55
- 34

कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत होगा संगठन : दिलीप पटेल
काकोरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में हुई पदाधिकारियों की परिचय बैठक।
प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल बोले- कार्यकर्ताओं के दम पर ही मिलेगी संगठनात्मक मजबूती।
काकोरी लखनऊ। लखनऊ के भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, काकोरी में जिला अध्यक्ष विजय मौर्य की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रभारी एवं जिला प्रभारी की मौजूदगी में जिला पदाधिकारियों, स्नातक व शिक्षक एमएलसी के जिला संयोजकों, विधानसभा संयोजकों और पोलिंग बूथ संयोजकों का परिचय कराया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी दिलीप पटेल मुख्य अतिथि तथा जिला प्रभारी सौरभ मिश्रा विशिष्ट अतिथि रहे। संचालन जिला महामंत्री धीरेंद्र पांडेय ने किया।
मुख्य अतिथि दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इसके जरिए केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-समर्पण को जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि इसी मेहनत से पार्टी हर कार्यक्रम में सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ रही है।
जिला प्रभारी सौरभ मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी की योजनाएं बूथ स्तर तक पहुंचती हैं। आगामी स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनाव में नियुक्त संयोजकों की भूमिका अहम बताते हुए उन्होंने सभी से पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्हें भरोसा है कि आगामी चुनाव में लखनऊ जिला संगठनात्मक प्रदर्शन में अग्रणी रहेगा।
बैठक में क्षेत्रीय मंत्री रामकुमार वर्मा, मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल, मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार रावत, पूर्व सांसद पूर्णिमा वर्मा व रीना चौधरी सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा संयोजक और पोलिंग बूथ संयोजक मौजूद रहे।
Comments