'संरक्षण समिति' ने जगाई गौरैया बचाने की अलख, छात्र-छात्राओं ने ली शपथ
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 11 February, 2026 20:45
- 46

रिपोर्ट निर्मल यादव....
'संरक्षण समिति' ने जगाई गौरैया बचाने की अलख, छात्र-छात्राओं ने ली शपथ
आंगन की गौरैया को बचाने के लिए बांटे गए कृत्रिम घोंसले और दाना पात्र।
डॉ. प्रियंका मौर्या ने किया सामूहिक प्रयासों से पक्षी संरक्षण का आह्वान।
लखनऊ। संरक्षण समिति’ की ओर से गौरैया संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष व पक्षी प्रेमी महेश साहू ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन को नन्हीं गौरैया के आधा दर्जन कृत्रिम घोंसले भेंट किए गए। वहीं छात्र-छात्राओं को मिट्टी के पात्र और दाना काकून वितरित कर गौरैया संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या रहीं। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता व संरक्षक राजेश उपाध्याय तथा अवध वन प्रभाग के सचल दल प्रभारी डिप्टी रेंजर शिवम यादव उपस्थित रहे।
पक्षी प्रेमी महेश साहू ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और कृत्रिम घोंसला भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका मौर्या ने कहा कि नन्हीं गौरैया के संरक्षण के लिए हम सभी को आगे आना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही गौरैया की संख्या बढ़ाई जा सकती है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस प्यारी चिड़िया को देख सकें।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश उपाध्याय ने कहा कि एक समय था जब गौरैया हर आंगन में फुदकती नजर आती थी, लेकिन आधुनिकता के दौर में वह हमसे दूर होती जा रही है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही हम गौरैया को वापस बुला सकते हैं और उसके संरक्षण में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में मनीष गुप्ता, के.के. शर्मा, मनोज शर्मा, अवनीश सिंह, विनोद कुमार, सोहन लाल सहित अन्य गणमान्य लोग व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Comments