सदर कैंट में हजरत सैय्यद शमसुद्दीन शाह बाबा का सालाना उर्स शुरू, उमड़ी जायरीनों की भीड़
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 30 May, 2026 22:57
- 42

सदर कैंट में हजरत सैय्यद शमसुद्दीन शाह बाबा का सालाना उर्स शुरू, उमड़ी जायरीनों की भीड़
हिन्दू-मुस्लिम एकता कमेटी के तत्वाधान में पांच दिवसीय उर्स का आगाज, सजीं हलवा-पराठे की दुकानें और झूले।
गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बने उर्स में चादरपोशी संपन्न, सूफियाना और जवाबी कव्वाली का सजेगा मंच।
लखनऊ। सदर कैंट क्षेत्र के छोटी लाल कुर्ती निकट यातायात पुलिस लाइन के पास स्थित हजरत सैय्यद शमसुद्दीन शाह बाबा रहमतुल्लाह अलैहे का सालाना उर्स हिन्दू-मुस्लिम एकता कमेटी के तत्वाधान में बेहद अकीदत और उत्साह के साथ शुरू हो गया है। गंगा-जमुनी तहजीब की जीती-जागती मिसाल पेश करने वाला यह पांच दिवसीय ऐतिहासिक उर्स हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कौमी एकता के रंग में रंगा नजर आ रहा है। उर्स के दौरान दरगाह परिसर में मौजूद जायरीन एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दे रहे हैं और क्षेत्र में पूरी तरह से उत्सव का माहौल बना हुआ है।
दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि हजरत सैय्यद शमसुद्दीन शाह बाबा का उर्स कुल पांच दिनों तक पूरी शानो-शौकत के साथ मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत ईद मिलादुन्नबी के पाक मौके से हुई। बृहस्पतिवार को ईद मिलादुन्नबी का प्रोग्राम बेहद कामयाबी के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद शनिवार को अकीदतमंदों द्वारा दरगाह शरीफ पर चादर-गागर का प्रोग्राम मुकम्मल किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोगों और जायरीनों ने हिस्सा लेकर बाबा की बारगाह में अपनी हाजिरी लगाई और मन्नतें मांगीं।
उर्स के सांस्कृतिक और रूहानी कार्यक्रमों के सिलसिले में रविवार को सूफियाना कव्वाली का शानदार प्रोग्राम होना करार पाया है, जिसमें मशहूर कव्वाल अनवर वारसी तशरीफ ला रहे हैं और अपनी सूफियाना गायकी से समां बांधेंगे। इसके बाद सोमवार को उर्स में जवाबी कव्वाली का मुकाबला होगा, जिसमें नागपुर से कव्वाल शाहिद झंकार और उनका साथ देने के लिए नेपाल बॉर्डर से शबनम वारसी तशरीफ ला रही हैं। उर्स के अंतिम दिन यानी मंगलवार को लखनऊ के कव्वाल जहीर अब्बास के साथ मुंबई की मशहूर फनकार रौशन रंगीली के बीच धमाकेदार जवाबी कव्वाली का प्रोग्राम पेश किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन की अगुवाई कर रहे अरविंद गुप्ता, एम ए कुरैशी, ईशा रज़ा हिंदुस्तान, राजेंद्र कुमार, धर्मवीर सिंह, अनिल वकील, मास्टर आशिक अली, दीपक कुमार एवं क्षेत्र के तमाम सहयोगियों ने संयुक्त रूप से बताया कि उर्स को लेकर सुरक्षा और मनोरंजन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में जायरीनों के आकर्षण के लिए पारंपरिक हलवा-पराठे की दुकानों के अलावा तरह-तरह के स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी स्थापित किए गए हैं, जहां सुबह से लेकर देर रात तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

Comments