ऐशबाग जंक्शन का हुआ कायाकल्प
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 18 July, 2026 09:21
- 37

लखनऊ
ऐशबाग जंक्शन का कायाकल्प, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण
लखनऊ का ऐतिहासिक ऐशबाग जंक्शन अब पूरी तरह आधुनिक और यात्री सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशन के रूप में तैयार हो चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 24 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों और अन्य रेलवे परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल का ऐशबाग जंक्शन भी शामिल रहा। आधुनिक वेटिंग हॉल, नए शेल्टर, हाईटेक पार्किंग, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, सोलर प्लांट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और आकर्षक स्टेशन भवन के साथ ऐशबाग जंक्शन अब यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ऐशबाग जंक्शन को आधुनिक रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। करीब 24 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सभी प्लेटफॉर्म पर नए पीपी शेल्टर लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को धूप और बारिश से बेहतर सुरक्षा मिलेगी। स्टेशन के दोनों ओर सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार किया गया है, जिससे यात्रियों और वाहनों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम हो गई है।
स्टेशन के वेटिंग हॉल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय, शिशु आहार कक्ष, बेहतर पेयजल व्यवस्था और बैठने की अतिरिक्त सुविधा विकसित की गई है। प्लेटफॉर्म नंबर छह की ओर नया पार्सल कार्यालय बनाया गया है, जिससे पार्सल और यात्री संचालन को अलग-अलग व्यवस्थित किया जा सके। स्टेशन के दोनों ओर आधुनिक पार्किंग, नए प्रवेश द्वार और आकर्षक बाउंड्री वॉल भी तैयार की गई है।
स्टेशन के पुनर्विकास में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां 20 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाया गया है, जबकि लगभग एक लाख लीटर क्षमता वाला रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी स्थापित किया गया है। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप, व्हीलचेयर, ब्रेल मैप, विशेष टिकट काउंटर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन भवन को स्थानीय कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक के साथ आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों और अन्य रेलवे परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के ऐशबाग जंक्शन स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
फिलहाल स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है, जबकि आने वाले समय में छह मीटर चौड़ा नया फुटओवर ब्रिज, सभी प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट और दोनों छोर पर एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे। रेलवे का कहना है कि ऐशबाग जंक्शन का यह नया स्वरूप यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगा तथा यह स्टेशन अब लखनऊ के प्रमुख आधुनिक रेलवे स्टेशनों में अपनी नई पहचान बनाएगा।

Comments