मृत्यु के मामले में बड़ा यू-टर्न: टक्कर नहीं लगी, गश खाकर गिरने से हुई मौत

मृत्यु के मामले में बड़ा यू-टर्न: टक्कर नहीं लगी, गश खाकर गिरने से हुई मौत

पुलिस विवेचना में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य, घटना के समय रायबरेली में थी नामजद बाइक


प्रकाश प्रभाव न्यूज


एटा।थाना मिरहची क्षेत्र  सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के मामले में पुलिस विवेचना और बीमा कंपनी की जांच के दौरान ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने पूरे मामले की दिशा बदल दी। जिस मोटरसाइकिल पर टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था, जांच में वह घटना स्थल पर मौजूद ही नहीं पाई गई। पुलिस की अंतिम रिपोर्ट में मृतक की मौत गश (चक्कर) खाकर गिर जाने से होना पाया गया है।


प्रारंभिक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बृजेश कुमार की मृत्यु उक्त मोटरसाइकिल यूपी 82 एफ 9089 की टक्कर से हुई थी। मामले की जांच के दौरान बजाज जनरल इंश्योरेंस की ओर से नियुक्त  अन्वेषक मोहम्मद इमरान मिर्जा ने मामले से जुड़े तथ्यों, दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया। वहीं कंपनी की ओर से अंकित सिंह और आशीष शुक्ला ने जांच प्रक्रिया के समन्वय में भूमिका निभाई।


उधर पुलिस विवेचना के दौरान नामजद वाहन स्वामी एवं कथित चालक  से पूछताछ की गई तथा मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण कराया गया। जांच में सामने आया कि घटना के समय कथित चालक जनपद रायबरेली के थाना बछरावां क्षेत्र में मौजूद था। मोबाइल लोकेशन के विश्लेषण से यह भी स्पष्ट हुआ कि नामजद मोटरसाइकिल घटना स्थल के आसपास नहीं थी।


पुलिस ने गवाहों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, अभिलेखों तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया। विवेचना में नामजद मोटरसाइकिल की दुर्घटना में संलिप्तता का कोई पुष्ट साक्ष्य नहीं मिला। वहीं जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक की मृत्यु किसी वाहन की टक्कर से नहीं बल्कि गश खाकर गिर जाने के कारण हुई थी।


उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नामजद मोटरसाइकिल को मामले से पृथक करते हुए अंतिम रिपोर्ट न्यायालय को प्रेषित कर दी। मामले में सामने आए तथ्यों ने प्रारंभिक शिकायत में लगाए गए आरोपों पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।  अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *