एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विश्वास खंड के पार्क में रोपे गए 100 पौधे, मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर ने की शुरुआत
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 8 September, 2026 21:00
- 39

एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विश्वास खंड के पार्क में रोपे गए 100 पौधे, मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर ने की शुरुआत
गोमती नगर में मंत्री सुरेश खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
लखनऊ। गोमती नगर के विश्वास खंड-2 स्थित पार्क में मंगलवार को वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर पार्क में विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे रोपे। कार्यक्रम की शुरुआत वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने अशोका पेंडुला का पौधा लगाकर की।
इसके बाद पार्क परिसर में चांदनी, गुलमोहर, कदम, बॉटल ब्रश, टिकोमा सहित कई छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान जोन-4 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला, उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि सहित नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों ने भी पौधारोपण में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया "एक पेड़ मां के नाम" अभियान लोगों को सीधे प्रकृति से जोड़ने का एक बेहद भावनात्मक और महत्वपूर्ण प्रयास है। मां हमारे जीवन का आधार होती हैं और प्रकृति भी हमें जीवन जीने के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराती है। ऐसे में मां के सम्मान में एक पौधा लगाना और उसकी देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सिर्फ पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसके बड़े होकर वृक्ष बनने तक उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाले समय में हमारा शहर और प्रदेश और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनेगा। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और जनसहयोग से इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन में बदलने की अपील की।
Comments