मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 10 स्मार्टफोन और नकदी बरामद
मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 10 स्मार्टफोन और नकदी बरामद
पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से शातिर चोरों को दबोचा, कब्जे से चोरी के उपकरण और नकदी बरामद।
दुकान का शटर तोड़कर उड़ाई गए थे 40 स्मार्ट फोन, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी।
काकोरी लखनऊ। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर बड़े पैमाने पर स्मार्टफोन चोरी करने वाली शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अदद स्मार्टफोन, एक ईयरबड, एक पावर बैंक और 5005 रुपये नगद बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
घटना की शुरुआत 23 जुलाई 2026 को हुई थी जब टिकरिया निवासी विश्वजीत यादव ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर 40 स्मार्ट फोन चोरी कर ली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने पश्चिमी जोन की सर्विलांस और क्राइम ब्रांच टीम के साथ स्थानीय थाने की दो विशेष टीमों का गठन किया था।
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा सर्विलांस टीम ने वीटीएस डेटा का विश्लेषण किया। इसके जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान की गई और चोरी गए मोबाइलों को सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पर ट्रैक किया गया। जैसे ही कुछ फोन एक्टिवेट हुए, पुलिस सक्रिय हो गई और आईएमईआई नंबर के आधार पर वर्तमान उपयोगकर्ताओं से संपर्क किया गया।
उपयोगकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ये मोबाइल पवन कुमार (निवासी तपोवनगर, सरोजनीनगर) से खरीदे थे, जिसके साथ अजय और अजीत यादव भी शामिल थे। खरीदारों ने मोबाइल का भुगतान अजय की पत्नी और उसके यूपीआई खाते में किया था। हालांकि बिल मांगने पर आरोपियों ने बिल नहीं दिया, जिसके बाद चोरी की आशंका के चलते कुछ लोगों ने मोबाइल पवन को वापस कर दिए थे।
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार को कठिंगरा अंडरपास नहर के पास से दो संदिग्धों को मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अजीत यादव (निवासी हाता गुलाम सफदर, काकोरी) और पवन कुमार (निवासी सरोजनीनगर, लखनऊ) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के स्मार्टफोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और नकदी बरामद हुई।
अभियुक्तों ने पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कानून की संबंधित गंभीर धाराओं—जिनके तहत घर में सेंधमारी कर चोरी करने और चोरी की संपत्ति प्राप्त करने तथा उसे छिपाने के जुर्म शामिल हैं—से अवगत कराते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में अन्य फरार आरोपियों और चोरी गए शेष मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।


Comments