प्रयागराज में बड़ी वारदात पति और पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या।

प्रकाश प्रभाव न्यूज़
दिनांक :27/07/2021
रिपोर्ट : ज़मन अब्बास
प्रयागराज: प्रयागराज में मंगलवार की रात में बड़ी वारदात हुई। जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र के मनी का पूरा गांव में पति और पत्नी की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने धारदार हथियार से गला रेतकर दंपती की हत्या की। उनका एक वर्षीय मासूम पुत्र सही सलामत है। सुबह जानकारी मिलने पर लोग अवाक रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने जांच-पड़ताल की। हालांकि अभी तक हत्यारों के संबंध में कोई सुराग भी नहीं मिला है। हत्या का कारण भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
थाना सोरांव क्षेत्र के मनी का पूरा गांव में 32 वर्षीय देवनारायण और 30 वर्षीय उनकी पत्नी रंजना अपने एक वर्षीय पुत्र के साथ रहते थे। मंगलवार की रात में सोते समय देवनारायण के घर में अज्ञात लोग घुसे। देवनारायण और पत्नी रंजना की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं उनके मासूम पुत्र को खरोच तक नहीं पहुंचाई।
बुधवार सुबह बच्चे के रोने की आवाज पर आसपास के ग्रामीण देवनारायण के घर पहुंचे तो अंदर दोनों की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर जा पहुंचे। फारेंसिक टीम और डाग स्क्वायड भी मौके पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारी आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं।
Comments