इलाज के दौरान गई आशाराम की जान, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा आखिरी आरोपी

इलाज के दौरान गई आशाराम की जान, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा आखिरी आरोपी

इलाज के दौरान गई आशाराम की जान, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा आखिरी आरोपी

बच्चों के मामूली विवाद ने उजाड़ दिया बिगहू गांव का एक घर

तीन भाई पहले ही जेल में, फरार चौथा भी डंडे के साथ पकड़ा गया

रिपोर्टर मोहम्मद शानू

काकोरी लखनऊ। बच्चों के आपसी झगड़े को बड़ों ने इतना बढ़ा दिया कि एक परिवार का सहारा छिन गया। बिगहू गांव में बीते रविवार को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल आशाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में फरार चल रहे आखिरी आरोपी सर्वजीत को काकोरी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, बीते रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव में छोटे बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि गांव के ही रजनू, राहुल, सचिन और सर्वजीत ने नरेंद्र कुमार और आशाराम समेत कुछ लोगों को पीट दिया। इसमें करीब 40 साल के आशाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा था।

नरेंद्र कुमार की तहरीर पर थाने में रजनू समेत छह लोगों के खिलाफ दंगा, जानबूझकर चोट पहुंचाने, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसी दिन सचिन, रजनू और राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सर्वजीत मौके से फरार हो गया।

बीते गुरुवार को ट्रॉमा सेंटर में आशाराम ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे से हत्या के प्रयास की धारा हटाकर हत्या की धारा बढ़ा दी। पुलिस टीम सर्वजीत के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:40 बजे पठानखेड़ा तालाब के पास से 37 वर्षीय सर्वजीत को पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद हुआ है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक राज कुमार यादव और हेड कांस्टेबल इरशाद अंसारी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *