परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया गलत ऑपरेशन का आरोप,महिला की हुई मौत
Crime news, apradh samachar
PPN NEWS
मोहनलालगंज में महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया गलत ऑपरेशन का आरोप
मोहनलालगंज, लखनऊ। थाना मोहनलालगंज क्षेत्र के कूड़ा गांव निवासी करीब 35 वर्षीय सुनीता पत्नी लवकुश की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतका के पति ने डॉक्टर पर करीब दो माह पूर्व हुए बच्चेदानी के ऑपरेशन में लापरवाही और गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे सीएचसी मोहनलालगंज से सुनीता की मृत्यु का मेमो थाना स्थानीय को प्राप्त हुआ। सूचना पर उप निरीक्षक रामसागर गुप्ता, उप निरीक्षक मेघा तिवारी एवं पुलिस बल सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मृतका के पति लवकुश ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 30 जून 2026 को धनवंतरी पॉली क्लीनिक, कनकहा, मोहनलालगंज में सुनीता की बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया गया था। पति ने आरोप लगाया कि डॉक्टर द्वारा गलत ऑपरेशन किए जाने के कारण उसकी पत्नी की हालत बिगड़ी और अंततः उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले की जांच मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) स्तर से कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments