आरक्षण बचाओ, संविधान बचाओ के संकल्प के साथ गूंजा मोहनलालगंज
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 31 August, 2026 09:53
- 39

PPN NEWS
सपा अंबेडकर वाहिनी के कार्यक्रम में जुटे पदाधिकारी और कार्यकर्ता, सामाजिक न्याय के लिए एकजुटता का आह्वान
रिपोर्ट - प्रशान्त सिंह
मोहनलालगंज। समाजवादी पार्टी की बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी की ओर से रविवार को कोहिनूर लॉन, मोहनलालगंज में ‘आरक्षण बचाओ, संविधान बचाओ’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर संविधान एवं आरक्षण की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अमरीश पुष्कर सहित बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष राजकिशोर रावत, जिला उपाध्यक्ष नितुल शर्मा, जिला अध्यक्ष जय सिंह जयंत, संतोष रावत और केशन यादव मौजूद रहे। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुणेश प्रताप सिंह(दल्लू), विपिन यादव, सतीश गुप्ता, किशन यादव, अर्चना रावत, समरपाल सिंह, सहित समाजवादी पार्टी एवं अंबेडकर वाहिनी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके द्वारा स्थापित सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष की आवश्यकता है। सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना होगा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘आरक्षण बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारे लगाए और सामाजिक न्याय एवं संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही समाजवादी पार्टी की नीतियों तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Comments