भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने बहराइच में 6 हज़ार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक को रंगे हाथों पकड़ा
- Posted By: Admin
- खबरें हटके
- Updated: 19 November, 2025 10:13
- 60

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने बहराइच में 6 हज़ार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक को रंगे हाथों पकड़ा
योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत बड़ी कार्रवाई, गोण्डा भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने राजस्व निरीक्षक को 6 हज़ार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
जमीन की पैमाइश की रिपोर्ट लगाने के एवज में मांगी थी रिश्वत, आरोपी राम मिलन के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू।
बहराइच: पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के सख्त निर्देशों और मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के विरुद्ध संचालित "जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा निरंतर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की गोण्डा इकाई ने एक महत्वपूर्ण ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। संगठन द्वारा दीनानाथ, निवासी अमराई पयागपुर, जनपद बहराइच की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। दीनानाथ ने अपनी जमीन की पैमाइश की रिपोर्ट लगाने के एवज में राजस्व निरीक्षक राम मिलन पर अवैध धनराशि की मांग करने का आरोप लगाया था।
निरीक्षक धनन्जय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने पटिहाल चौराहा, इकौना मार्ग, तहसील पयागपुर, जनपद बहराइच के पास से राजस्व निरीक्षक राम मिलन को छह हज़ार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
राम मिलन पुत्र सहदेव क्षेत्र, तेंदुआ कबीर, तहसील पयागपुर का मूल निवासी है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आरोपी राजस्व निरीक्षक को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत की जा रही है, जिसके अनुसार सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा अपने आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए अवैध लाभ लेना या लेने का प्रयास करना एक गंभीर अपराध माना जाता है।
Comments