लखनऊ में लोजपा (R) की दो दलित चौपालें, विपक्ष में हलचल

लखनऊ में लोजपा (R) की दो दलित चौपालें, विपक्ष में हलचल

लखनऊ में लोजपा (R) की दो दलित चौपालें, विपक्ष में हलचल

​समाज को अब उधार के नेताओं की ज़रूरत नहीं, अपने भीतर से नेतृत्व उभारने का समय: राजीव पासी

पार्टी संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुँचाएंगे कार्यकर्ता

काकोरी लखनऊ। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने राजधानी के मलिहाबाद क्षेत्र स्थित कुकरा और दुर्गागंज हरदोई रोड स्थित एस.एस.जे. लॉन में दो अलग-अलग दलित चौपालों का आयोजन कर राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। इन चौपालों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने समाज को एकजुट करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पासी-पासवान और समस्त दलित समाज को अपने अधिकारों और न्याय की लड़ाई खुद लड़नी होगी। समाज को अब उधार या भाड़े के नेताओं की आवश्यकता नहीं है, बल्कि नेतृत्व समाज के भीतर से ही उभरना चाहिए।

​राजीव पासी ने समाज के गौरवशाली इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि पासी-पासवान समाज के वीरों ने देश को विदेशी आक्रांताओं से बचाने के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। आज नव-सामंतवादी ताकतों से मुकाबला करने के लिए समाज से सशक्त नेतृत्व का आगे आना बेहद जरूरी है। उन्होंने पार्टी के संस्थापक पद्म विभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान के योगदानों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने अगस्त 1990 में पिछड़े वर्ग का आरक्षण लागू कराया, अगस्त 2018 में दलित और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा की और सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए भी दस प्रतिशत आरक्षण लागू करवाने में अहम भूमिका निभाई।

​चुनावी रणनीतियों और गठबंधन के सवालों पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि दलित चौपालों के जरिए समाज का जो भी फैसला होगा, पार्टी उसी के अनुसार आगे बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन पूरी मजबूती से तैयारी कर रहा है। गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान लेंगे, लेकिन संगठन का विस्तार और चुनावी अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और चिराग पासवान के नेतृत्व में स्वर्गीय रामविलास पासवान के सपनों को पूरा किया जाएगा।

​कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए राजीव पासी ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को घर-घर पहुँचाया जाए। उन्होंने संसद भवन में डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र की स्थापना, 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अवकाश व डाक टिकट जारी कराने, 75 हजार रेलवे कुलियों को स्थायी करने, रासायनिक खादों व दवाओं के दाम घटाने, कोयला खदान कर्मियों को अपोलो अस्पताल की सुविधा देने और महामारी के दौर में प्रति यूनिट 5 किलो मुफ्त राशन सुनिश्चित कराने जैसे बड़े कार्य किए। उन्होंने कहा कि "मैं उस घर में दिया जलाने चला हूँ जहाँ सदियों से अँधेरा है" के संकल्प को धरातल पर उतारना ही संगठन का मुख्य लक्ष्य है।

​इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष व मण्डल प्रभारी लखनऊ राजेंद्र प्रसाद रावत, प्रदेश महासचिव विजय पाल पासी, प्रदेश कोषाध्यक्ष रत्नेश सिंह, मण्डल अध्यक्ष लखनऊ राजेश रावत, जिला अध्यक्ष लखनऊ नरेंद्र पासवान और जिला उपाध्यक्ष कमाल अहमद प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मंच का संचालन महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव नीलम सरोज ने किया। मण्डल अध्यक्ष राजेश रावत ने पहली ही बैठक में नई टीम के गठन की रूपरेखा प्रस्तुत कर संगठन को गति देने का संकल्प दोहराया।

Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *